Haridwar News: गंगा के तेज बहाव में बोलेरो समेत तीन लोग बहे, दो का रेस्क्यू; चालक लापता
बैरागी कैंप में बड़े टापू के सामने हुआ हादसा, कनखल पुलिस, जल पुलिस और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम चला रही तलाश अभियान
हरिद्वार। हरिद्वार के बैरागी कैंप क्षेत्र में मंगलवार शाम गंगा नदी में बोलेरो वाहन धोने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। गंगा के तेज बहाव में बोलेरो चालक समेत तीन लोग बह गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची कनखल थाना पुलिस, जल पुलिस और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर दो युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि बोलेरो चालक अब भी लापता है। उसकी तलाश के लिए अभियान जारी है।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार शाम बैरागी कैंप में कुंभ मेले के कार्यों में लगे मजदूरों और कर्मचारियों ने सूचना दी कि बड़े टापू के सामने गंगा नदी में एक बोलेरो वाहन बह गया है। सूचना मिलते ही पुलिस, जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
### सवारियां छोड़ने के बाद गंगा में धोने उतारा था वाहन
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बोलेरो चालक पुष्कर सिंह (38 वर्ष), निवासी ग्राम सिमलखेत, थाना चौखुटिया, जनपद चमोली, सोनप्रयाग से सवारियां लेकर हरिद्वार आया था। सवारियों को छोड़ने के बाद चालक और उसके साथ मौजूद दो युवक वाहन धोने के लिए गंगा नदी में उतरे थे। इसी दौरान पानी का बहाव तेज होने से तीनों वाहन समेत बहने लगे।
### दो युवकों को बचाया, चालक की तलाश जारी
संयुक्त रेस्क्यू टीम ने अभियान के दौरान दो युवकों को नदी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बचाए गए युवकों की पहचान हिमांशु रावत (23 वर्ष), निवासी ग्राम आगर चट्टी, थाना गैरसैंण, जनपद चमोली, और राकेश सिंह (28 वर्ष), निवासी जनपद चमोली, के रूप में हुई है।
हादसे के बाद से बोलेरो चालक पुष्कर सिंह लापता है। पुलिस, जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें उसकी तलाश में जुटी हुई हैं। पुलिस के मुताबिक, चालक के गंगा में बहने की सूचना उसके परिजनों को दे दी गई है।
गंगा में तेज बहाव के बीच हुए इस हादसे के बाद क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई। लापता चालक की तलाश के लिए संयुक्त टीम का अभियान जारी है।


More Stories
अनुपूरक बजट में Haridwar kumbh को 290,हरिद्वार-गंगा कॉरिडोर को 30 करोड़ रुपये
SSP Kumbh मेला वाहन पार्किंग स्थलों का किया निरीक्षण
खुली मिठाई पर भी लिखनी होगी निर्माण और एक्सपायरी डेट