अंकिता भंडारी की निजी चैट सार्वजनिक करने के विरोध में पहाड़ी महासभा ने खोला मोर्चा, विनोद आर्य के खिलाफ कोतवाली में दी तहरीर
दिवंगत अंकिता की निजता और गरिमा से खिलवाड़ का आरोप, मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराने की मांग
हरिद्वार। अंकिता भंडारी की कथित निजी चैट सार्वजनिक किए जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस प्रकरण को लेकर पहाड़ी महासभा (रजि०), हरिद्वार ने कड़ी नाराजगी जताते हुए सोमवार को नगर कोतवाली में विनोद आर्य के खिलाफ तहरीर दी।
महासभा ने पुलिस से मामले में मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष जांच और दोषी पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
महासभा की ओर से दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया है कि अंकिता भंडारी हत्याकांड के मुख्य आरोपी पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य ने प्रेस क्लब के सामने अंकिता की
कथित निजी चैट सार्वजनिक की।
महासभा ने इसे एक दिवंगत बेटी की निजता, गरिमा और सम्मान से जुड़ा बेहद संवेदनशील मामला बताया। संगठन का कहना है कि किसी व्यक्ति की निजी बातचीत को सार्वजनिक मंच पर प्रस्तुत करना गंभीर विषय है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
महासभा के अध्यक्ष तरुण व्यास ने कहा कि अंकिता उत्तराखंड की बेटी थी। उसकी निजता और सम्मान की रक्षा करना सभी की जिम्मेदारी है। किसी दिवंगत बेटी की निजी बातचीत को सार्वजनिक मंच पर लाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। पुलिस को मामले का संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच करनी चाहिए।
महासभा के सचिव जसवंत सिंह बिष्ट ने कहा कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की लड़ाई अभी समाप्त नहीं हुई है। किसी को भी किसी की निजी चैट सार्वजनिक करने का अधिकार नहीं है।
पुलिस को तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए, अन्यथा महासभा सड़क पर उतरकर आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
महासभा के संरक्षक जेपी बडोनी ने कहा कि उत्तराखंड की जनता अंकिता को अपनी बेटी मानती है और उसकी गरिमा के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
संरक्षक सतीश जोशी ने पुलिस से यह पता लगाने की मांग की कि कथित निजी चैट किस प्रकार प्राप्त हुई और उसे सार्वजनिक क्यों किया गया।
वहीं, संरक्षक जगत सिंह रावत ने कहा कि अंकिता प्रकरण से प्रदेश की जनता पहले ही आहत है। ऐसे संवेदनशील मामलों में जिम्मेदारी और संवेदनशीलता दिखाना जरूरी है।
कार्यकारिणी सदस्य रवि बाबू ने कहा कि यह पहाड़ की बेटी के सम्मान का सवाल है और पहाड़ी महासभा इस मामले में चुप नहीं बैठेगी।
दीपक पांडे ने कहा कि किसी की निजी जिंदगी को सार्वजनिक तमाशा बनाना उचित नहीं है। कैलाश भट्ट ने कहा कि अंकिता को न्याय दिलाना पूरे उत्तराखंड की सामूहिक जिम्मेदारी है।
महिला अध्यक्ष सरिता पुरोहित ने कहा कि किसी महिला की निजी बातचीत को सार्वजनिक करना उसकी गरिमा और निजता से जुड़ा गंभीर विषय है। महिलाओं के सम्मान के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए।
सामाजिक संगठनों और युवाओं से एकजुट होने की अपील
पहाड़ी महासभा ने प्रदेश के सभी सामाजिक संगठनों, युवाओं और मातृशक्ति से अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने तथा उसकी गरिमा की रक्षा के लिए एकजुट होकर आवाज उठाने की अपील की। महासभा ने स्पष्ट किया कि यह लड़ाई किसी राजनीतिक दल या व्यक्ति विशेष के विरुद्ध नहीं, बल्कि उत्तराखंड की बेटी के सम्मान, निजता और न्याय के लिए है।
इस दौरान भगवान जोशी, अरुण प्रकाश, दीपक, रवि बाबू शर्मा, टीएस रावत, शरद चंद्र ध्यानी, नरेंद्र सिंह, तरुण जोशी, पंडित गोपाल कृष्ण बडोला, जेपी बडोनी, रमेश चंद्र पंत, सरोजिनी जोशी, कैलाश चंद्र भट्ट, पियूष चौहान, अतुल गोसाई, महावीर सिंह नेगी, लता जोशी, सुभाष पुरोहित, सोम प्रकाश, संजय नैथानी, पवन शर्मा, बलराम कड़क, गणेश भट्ट सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।



More Stories
Somwati Amvasya – नगर आयुक्त ने घाटों एवं मेला क्षेत्र का किया निरीक्षण
हरिद्वार कुंभ 2027 में कुछ खास और अलग होगा महायज्ञ नेत्रकुंभ
भूपतवाला की जनसमस्याओं को लेकर जनता दरबार पहुंचे नितिन यादव, डीएम के नाम सौंपे ज्ञापन