Uttrakhand Poltics में कानून व्यवस्था पर कांग्रेस का हमला, राजीव महर्षि बोले—“जंगलराज जैसे हालात”
देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेता राजीव महर्षि ने राज्य की बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाएं सरकार की विफलता को उजागर कर रही हैं और हालात “जंगलराज” जैसे हो गए हैं।
महर्षि ने आरोप लगाया कि सरकार “चार साल बेमिसाल” के दावे कर रही है, जबकि जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है।
उनके अनुसार, उत्तराखंड अब न सिर्फ हिमालयी राज्यों में बल्कि देश के अन्य बड़े राज्यों से भी अपराध के मामले में आगे निकलता जा रहा है, जो बेहद चिंताजनक है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में पुलिस का इकबाल कमजोर पड़ चुका है, जिससे अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।
हाल ही में रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी की हत्या का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यह घटना पुलिस व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
महर्षि ने सरकार की शराब नीति पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि राजस्व बढ़ाने के लिए नई शराब की दुकानों का खुलना और देर रात तक उनका संचालन अपराध बढ़ने का कारण बन रहा है।
उन्होंने आशंका जताई कि दून एक्सप्रेसवे शुरू होने के बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश से कनेक्टिविटी बढ़ने के चलते अपराधों में और इजाफा हो सकता है।
कांग्रेस नेता ने अंकिता हत्याकांड के बाद से प्रदेश में अपराधों में तेजी आने का भी उल्लेख किया और कहा कि महिलाओं व बच्चों के खिलाफ अपराधों में वृद्धि भविष्य के लिए गंभीर खतरा है।
उन्होंने सरकार को सुझाव दिया कि आबकारी राजस्व पर ध्यान देने के बजाय कानून व्यवस्था सुधारने पर फोकस किया जाए।
साथ ही पुलिस को “फ्री हैंड” देकर पेशेवर तरीके से अपराध नियंत्रण के लिए सक्षम बनाया जाए।
महर्षि ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही कानून व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो कांग्रेस आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होगी, जिसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी।

More Stories
Haridwar Grameen से कांग्रेस को बड़ा झटका: साधुराम चौहान समर्थकों संग भाजपा में शामिल
धामी सरकार के 4 साल, मंत्री जी बोले शानदार, जबरदस्त, जिंदाबाद
पोर्टफोलियो बंटवारे में धाकड़ धामी की ‘धुरंधर गिरी’