ऑपरेशन ‘कालनेमि’ के तहत पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 27 संदिग्ध हिरासत में
हरिद्वार: धर्मनगरी हरिद्वार में धर्म की आड़ में लोगों के साथ धोखाधड़ी करने वाले संदिग्ध लोगों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन ‘कालनेमि’ के तहत कोतवाली नगर पुलिस ने हरकी पैड़ी, सर्वानंद घाट और आसपास के क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया।
अभियान के दौरान पुलिस ने धर्म का चोला पहनकर लोगों को गुमराह करने और धोखाधड़ी की आशंका वाले 27 संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया। पुलिस ने सभी के खिलाफ धारा 172(2) बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार हिरासत में लिए गए सभी लोगों के फिंगरप्रिंट लिए जा रहे हैं और उनके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। इसके साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि कहीं इनमें से किसी का पहले से कोई आपराधिक इतिहास तो नहीं रहा है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में पुलिस टीमों ने हरकी पैड़ी, सर्वानंद घाट और आसपास के घाटों व सार्वजनिक स्थानों पर विशेष निगरानी रखी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कई लोग साधु या बाबा का वेश धारण कर श्रद्धालुओं को झांसा देकर उनसे पैसे ऐंठने या अन्य प्रकार की ठगी करने का प्रयास करते हैं, जिस पर सख्ती से कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस प्रशासन ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि अपने-अपने क्षेत्रों में संदिग्ध ढोंगी बाबाओं और बहरूपियों पर कड़ी नजर रखें और किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर तुरंत कार्रवाई करें।
पुलिस ने श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से भी अपील की है कि अगर कोई व्यक्ति धर्म की आड़ में धोखाधड़ी करता दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।


More Stories
इंदु इंक्लेव में महिलाओं ने धूमधाम से मनाई होली, फिल्मी गीतों पर जमकर थिरकी
कुंती नमन कॉलेज में छात्रों ने उत्साह के साथ धूमधाम से मनाया गया होली उत्सव
महिला अस्पताल हरिद्वार डीएम के औचक निरीक्षण से मचा हड़कंप