:
मालवीय नगर अग्निकांड के बाद जागा हरिद्वार फायर ब्रिगेड, 28 प्रतिष्ठानों की जांच में 16 में मिलीं खामियां
हरिद्वार, 04 जून 2026। दक्षिणी दिल्ली के मालवीय नगर स्थित एक रेस्टोरेंट में हुए भीषण अग्निकांड के बाद उत्तराखंड पुलिस और अग्निशमन विभाग अलर्ट मोड में आ गए हैं।
जनपद हरिद्वार में विशेष अग्नि सुरक्षा निरीक्षण अभियान शुरू किया गया है, जिसके तहत होटल, गेस्ट हाउस, होम स्टे, रेस्टोरेंट, मॉल, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, सिनेमा हॉल, बैंक्वेट हॉल और अन्य सार्वजनिक स्थलों की सघन जांच की जा रही है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी वंश बहादुर यादव ने बताया कि दिल्ली अग्निकांड में 21 लोगों की मृत्यु के बाद मुख्यालय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
28 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण, 16 में मिलीं खामियां
अग्निशमन विभाग की टीमों द्वारा अब तक जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में 28 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया है। जांच के दौरान 16 प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा मानकों की कमी पाई गई, जबकि 6 प्रतिष्ठानों में इमरजेंसी एग्जिट (आपातकालीन निकास) की व्यवस्था नहीं मिली।
निरीक्षण में अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता, फायर अलार्म सिस्टम, आपातकालीन निकास मार्ग, विद्युत सुरक्षा व्यवस्था और आपदा प्रबंधन तैयारियों की जांच की गई।
नोटिस जारी, सुधार नहीं होने पर होगी सख्त कार्रवाई
विभाग ने जिन प्रतिष्ठानों में खामियां पाई गईं, उन्हें तत्काल सुधार के लिए नोटिस जारी कर दिए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समयावधि में कमियां दूर नहीं करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इसमें चालान, जुर्माना और आवश्यकता पड़ने पर सीलिंग की कार्रवाई भी शामिल हो सकती है।
लोगों से अग्नि सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील
मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने जनपदवासियों और प्रतिष्ठान
संचालकों से अग्नि सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि समय रहते सुरक्षा व्यवस्थाओं को दुरुस्त कर किसी भी संभावित दुर्घटना और जानमाल के नुकसान को रोका जा सकता है।

More Stories
केदार घाटी में लीद का मुफ्त निस्तारण नहीं, डेढ़ करोड़ खर्च करेगा विभाग
Chardham Yatra 2026 – पंजीकरण केंद्र पर मिल रही थी शिकायतें, मंत्री जी ने मार दिया छापा
VIP Darshan SOP -बद्रीनाथ -केदारनाथ में बदल गए कुछ नियम