देहरादून एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई: SSC भर्ती परीक्षा में हाईटेक नकल गिरोह का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार
देहरादून। देहरादून एसटीएफ ने उत्तराखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं में नकल पर सख्ती के बीच राज्य एसटीएफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कर्मचारी चयन आयोग की मल्टी टास्किंग स्टाफ (MTS) एवं हवलदार भर्ती परीक्षा-2025 के दौरान हाईटेक तरीके से नकल कराने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है।
संयुक्त अभियान में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जो अभ्यर्थियों से परीक्षा पास कराने के नाम पर 10 लाख रुपये तक की मांग कर रहे थे।
पुलिस के अनुसार भारत सरकार द्वारा आयोजित परीक्षा विभिन्न राज्यों के साथ उत्तराखंड में भी आयोजित की जा रही थी।
संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर उत्तराखंड एसटीएफ और उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने संयुक्त रूप से स्थित महादेव डिजिटल जोन, एमकेपी इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर छापा
मारा।
अंडरग्राउंड चैंबर से चल रहा था रिमोट नकल नेटवर्क
छापेमारी के दौरान परीक्षा लैब के पास यूपीएस रूम में 24×24 इंच का अंडरग्राउंड चैंबर बनाकर उसमें दो लैपटॉप और राउटर स्वचालित स्थिति में संचालित पाए गए। जांच में सामने आया कि इन लैपटॉप को रिमोटली एक्सेस कर प्रश्नपत्र हल कर अभ्यर्थियों को नकल कराई जा रही थी। एसटीएफ ने सभी तकनीकी उपकरण कब्जे में लेकर परीक्षा केंद्र को सील कर दिया।
10 लाख रुपये लेकर पास कराने का झांसा
पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह अभ्यर्थियों को पास कराने का लालच देकर प्रत्येक से करीब 10 लाख रुपये की मांग करता था और अत्याधुनिक तकनीक के जरिए उनके कंप्यूटर सिस्टम को रिमोट एक्सेस कर पेपर हल करता था। मामले में दो आरोपियों—नीतिश कुमार (देवरिया, हाल निवासी दिल्ली) और भास्कर नैथानी (देहरादून)—को गिरफ्तार किया गया है। अन्य सहयोगियों की तलाश जारी है।
कड़े कानूनों में मुकदमा दर्ज
आरोपियों के खिलाफ उत्तराखंड प्रतियोगी परीक्षा नकल विरोधी अधिनियम-2023, भारतीय न्याय संहिता और आईटी एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। विवेचना अपर पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारी द्वारा की जाएगी।


More Stories
तिब्बती मार्केट हत्याकांड – देहरादून पुलिस का बड़ा एक्शन: मुठभेड़ में शूटर सहित दो बदमाश गिरफ्तार
सेफ ड्रग सेफ लाइफ के तहत मेडिकल स्टोर पर छापेमारी
दिल्ली पुलिस ANTF ने कई राज्यों में फैले ड्रग्स रैकेट का किया भंडाफोड़, 7 गिरफ्तार